Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल नयना देवी मंदिर परिसर में वीडियोग्राफी व रील बनाने पर पाबंदी लगी

मंदिर प्रांगण में हल्द्वानी की एक महिला के डांस कर वीडियो बनाकर भक्तों की भावनाएं आहत करने के बाद निर्णय
नैनीताल।
नयना देवी शक्तिपीठ के प्रांगण में फिल्मी डांस कर वीडियो बनाकर श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत करने वाली हल्द्वानी निवासी महिला ने अपनी करनी पर दुख व्यक्त किया है। उसने गलती स्वीकार करने के साथ ही मंदिर ट्रस्ट को लिखित माफीनामा दिया है। जिसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने महिला के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई का निर्णय स्थगित कर दिया है। अलबत्ता ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में वीडियोग्राफी व रील बनाने पर पाबंदी को और कड़ा करने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को हल्द्वानी निवासी महिला अपनी महिला साथी के साथ मंदिर ट्रस्ट कार्यालय पहुंची। मंदिर प्रांगण में महिला का फिल्मी गीत पर अश्लील डांस का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसके बाद ट्रस्ट ने रील बनाने, वीडियो बनाने तथा भड़काऊ कपड़े पहनकर मंदिर आने वालों पर पाबंदी लगा दी थी।
महिला के बारे में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटाई गई तो उसके हल्द्वानी निवासी होने का पता लगा। महिला के विरुद्ध रात में प्राथमिकी तैयार कर दी गई साथ ही उसको इसके बारे में बताया गया तो वह शुक्रवार को खुद ही मंदिर में पहुंच गई।मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में ट्रस्ट अध्यक्ष राजीव लोचन साह, प्रशासनिक अधिकारी सुरेश मेलकानी के समक्ष उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफीनामा दिया। महिला ने कहा कि उसने श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत की हैं, इसका उसे पछतावा है। उसके पति सहित अन्य स्वजनों ने भी उसे खूब डांठ लगाई। बोली वह मां की भक्त है, लेकिन उससे ना माफ करने वाली गलती हुई है, वह इसका पश्चाताप करेगी।
खुद को समाजसेवी बताते हुए कहा कि वह भविष्य में इस तरह की हरकत कोई ना करे, इसको लेकर महिलाओं-बेटियों को जागरूक करेगी। महिला के माफीनामा के बाद ट्रस्ट ने उस पर मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही वापस ले ली। ट्रस्ट अध्यक्ष राजीव लोचन साह ने कहा कि महिला को माफ कर दिया गया है।
अलबत्ता साफ किया है कि मंदिर परिसर में रील बनाने, वीडियोग्राफी करने पर पाबंदी को और सख्त बनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य पुजारी बसंत बल्लभ पाण्डे, बसंत जोशी आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›