Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में ये कोई फब्बारा नहीं जल संस्थान और पेयजल विभाग की लापरवाही का नमूना है

पेयजल लाइन ठीक करने के बाद टूटी,  बर्बाद हो रहा हजारों लीटर पानी, वीडियो वायरल

(कमल जगाती)
नैनीताल।
नैनीताल में पेयजल की पाइप लाइन रिपेयर करने के दौरान जोड़ दोबारा खुल गया और पानी फोर्स से हवा में उड़ने लगा। इसका वीडियो बन गया जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। चार दिनों तक पानी नहीं आने के बाद अब पांचवे दिन भी पानी आने की उम्मीद कम ही है।
नैनीताल में मल्लीताल स्थित फ्लैट्स मैदान में गड्ढा खोद रही एक जे.सी.बी.मशीन के पंजे की चोट में आने से पाहदी पर स्थित स्नो व्यू की पेयजल सप्लाई लाइन टूट गई। लगभग 2000 की आबादी को पानी सप्लाई करने वाली लाइन बीती 20 जून को टूटी थी। तभी से जल संस्थान और पेयजल विभाग लाइन को रिपेयर करने में जुट था।
दरअसल फ्लैट्स मैदान के एक कोने में बॉक्सिंग रिंग बनाने का कार्य शुरू हुआ था। यहां फील्ड किनारे कॉलम खोदने के लिए लगी जे.सी.बी.मशीन के गड्ढा खोदते ही वहां बिछी पेयजल लाइन टूट गई। पानी हाई प्रेशर फुआरे की तरह आसमान में उड़ने लगा। फुंआरे का पानी पंत पार्क में पहुंच गया था। पाइप से पहले साफ और फिर गहरे भूरे रंग का जंक लगा हुआ पानी भी निकला था। जल संस्थान के जे.ई.अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे और लाइन जोड़ने का काम शुरू हुआ। तभी से लगातार काम जारी था और शनिवार देरशाम केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा कहा गया कि रात तक काम हो जाएगा और रविवार सवेरे सप्लाई शुरू हो जाएगी। आज सवेरे सप्लाई शुरू होते ही 12 इंच की पाइपलाइन दूसरी जगह से टूट गई। अब एक बार फिर से इसे जोड़ने का काम शुरू होने की उम्मीद है और लगातार चार दिनों तक पानी नहीं आने के बाद आज पांचवे दिन भी पानी आने की उम्मीद कम ही दिख रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›