Report by : Paras Bisht
Published at :
रामनगर में बाघ के हमले में महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने किया डीएफओ का घेराव, प्रदर्शन

ग्रामीणों की वन्यजीवों से सुरक्षा के साथ ही मृतका के परिवार को नौकरी व मुआवजे देने की मांग
रामनगर। हाथीडगर में बाघ के हमले में महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को वन विभाग परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्रामीणों की वन्यजीवों से सुरक्षा के साथ ही मृतका के परिवार को नौकरी व मुआवजे देने की मांग की। डीएफओ का घेराव कर खरीखोटी भी सुनाई।
शुक्रवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में ग्रामीण तराई पश्चिमी वन विभाग कार्यालय में पहुंचे। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। संजय नेगी ने कहा कि क्षेत्र में करीब दो माह से बाघ का आतंक है। बाघ पूर्व में कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। कई बार बाघ को पकड़े जाने की मांग संबंधित विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते एक महिला बाघ का शिकार बन गई। डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य को ज्ञापन सौंपते हुए मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को विभाग में नौकरी देने व बाघ को शीघ्र पकड़ने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
डीएफओ ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि क्षेत्र में विभाग की तीन टीमों का गठन कर गश्त की जा रही है। बाघ पकड़ने को लेकर मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक द्वारा सहमति व्यक्त कर दी गई है। बाघ को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा भी लगाया गया है। शीघ्र ही बाघ को पकड़ लिया जाएगा। इस दौरान युवा कांग्रेस नेता एडवोकेट फैजुल हक, युकां जिलाध्यक्ष सुमित लोहनी, सभासद तनुज दुर्गापाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य धीरेंद्र चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्ना सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य महावीर सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह, छात्रसंघ सचिव चेतन पंत, आनंद रावत, नवीन चंद्र आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›