Report by : कालू वर्मा
Published at :
रुड़की में अंडा विक्रेता युवक की बाल्टी से प्रहार कर निर्मम हत्या

कार और ठेली खड़ी करने को लेकर हुआ झगड़ा
हरिद्वार। रुड़की में अंडा विक्रेता युवक की मामूली झगड़े में बाल्टी से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी अंबर तालाब निवासी आकाश उर्फ शालू (35) आईआईटी के शताब्दी द्वार के पास अंडे बेचता था। दुकान से थोड़ी दूरी पर मंगलवार देररात कार खड़ी करने को लेकर कुछ युवकों की पास के दूसरे ठेली वाले से कहासुनी हो गई। आकाश झगड़ा शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचा। इस बीच झगड़ रहे युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
उन्होंने पास में रखी एक स्टील की बाल्टी उठाई और आकाश की छाती और सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि परिवार की तहरीर पर आरोपी अभिषेक पुत्र महक सिंह निवासी बिंदुखड़क समेत अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाल्टी बरामद कर ली है।
आकाश पर मुख्य हमलावर ने पानी की बाल्टी से सिर और छाती पर ग्यारह ताबड़तोड़ वार किए थे। इससे आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। पास में खड़े एक और हमलावर के हाथ में भी बाल्टी है। आसपास भी पांच से अधिक हमलावर घटना स्थल पर मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, आकाश करीब आठ साल से शताब्दी द्वार के पास अंडे की ठेली लगाता आ रहा था। मंगलवार को वह काम पूरा कर घर जाने की तैयारी कर रहा था।
इस बीच अभिषेक वहां कार लेकर पहुंचा और उसका दूसरे ठेली वाले से विवाद हो गया। इसके बाद अभिषेक ने अपने दो साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। तीनों ने झगड़ा शांत कराने गए आकाश से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में अभिषेक ने पानी की बाल्टी से ताबड़तोड़ छाती और सिर पर हमला कर आकाश को मौके पर मौत घाट उतार दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›