Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख

हल्द्वानी। मीरा मार्ग स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में सोमवार की रात अचानक आग लग गई। धुआं देखते ही दुकान मालिक और आसपास के दुकानदारों ने पानी डालकर आग को बुझाया और विद्युत सप्लाई भी बंद कराई। हादसे में हजारों रुपये का माल जलकर राख हो गया।
मंगल पड़ाव चौकी के एसआई गणेश कुमार ने बताया की बड़ी मंडी निवासी पंकज मलिक की मीरा मार्ग पर रघुनाथ इंटरप्राइजेज के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। सोमवार की रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। दुकान के बाहर रखा सामान अंदर ले जाते समय दुकान के कर्मचारियों को गोदाम से धुआं उठता दिखा। कर्मचारियों और दुकान मालिक ने गोदाम में पहुंचकर देखा तो वहां रखी एक कपड़ों की रेक में आग लग चुकी थी। उस रेक में कपड़ों के साथ-साथ पर्स व रेडीमेड का अन्य सामान भी रखा हुआ था। पूरा माल जलकर राख हो गया। आग को बढ़ता देख आसपास के दुकानदार और दुकान कर्मचारियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। इसी बीच आग की सूचना पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। पुलिस की पूछताछ में दुकान मालिक ने नुकसान के आर्थिक आंकलन न होने की बात कही है। फिलहाल मंगलवार को अग्निशमन विभाग की टीम मौके का मुआयना कर नुकसान और हादसे की वजह जानने के लिए जांच करेगी। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›