Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में धामी सरकार ने 18 और भाजपा नेताओं को बांटे दायित्व, देखें किसे मिली क्या जिम्मेदारी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड की धामी सरकार ने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को विभिन्न निगमों, परिषदों और समितियों में 18 नए दायित्व सौंपे हैं। शासन ने जारी की सूची।

देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरकार में दायित्व दिए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में शासन ने एक और बड़ी सूची जारी की है, जिसके तहत 18 और नेताओं को राज्य के विभिन्न निगमों, परिषदों और समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन की ओर से इसके आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
जारी की गई नई सूची के अनुसार, चंपावत के हुकम सिंह कुंवर को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, देहरादून के आचार्य संतोष खंडूड़ी को जनसंख्या विश्लेषण समिति में उपाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न महत्वपूर्ण परिषदों और समितियों में उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है, जो सरकार और संगठन के बीच सामंजस्य बढ़ाने का काम करेंगे।
उपाध्यक्ष पद की नई नियुक्तियों में नैनीताल के देवेंद्र सिंह ढैला को उत्तराखंड बागवानी परिषद, हरिद्वार के नितिन गौतम को ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद तथा ऊधम सिंह नगर की मोहिनी पोखरिया को राज्य स्तरीय सतर्कता समिति में जगह मिली है। ऊधम सिंह नगर के ही रामपाल को बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, चंपावत के मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग और नैनीताल के हरीश चंद्र पांडे को सिंचाई सलाहकार समिति में उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा चंपावत के सुभाष बगौली को पर्यटन विकास परिषद में सलाहकार (सतत पर्यटन) तथा चमोली के माधव सेमवाल को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) में सलाहकार नियुक्त किया गया है। साथ ही गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) और कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) में भी कई नेताओं को गैर-सरकारी निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें मोहित शर्मा, डॉ. रणवीर सिंह, पारस गोयल, विशाल गुप्ता, ऋतु मित्रा, पुष्कर सिंह कोश्यारी, दयाल सिंह और रोहित बिष्ट के नाम शामिल हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement