Connect with us

उधमसिंह नगर

काशीपुर के धाम में तंत्र-मंत्र से मासूम की मौत, बाबा का अपहरण कर यूपी ले गए परिजन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

काशीपुर के बालाजी धाम में तंत्र-मंत्र के दौरान 6 साल के बच्चे की मौत। गुस्साई भीड़ ने बाबा को पीटा और किडनैप कर संभल ले गई। पढ़ें पूरी खबर।

उधम सिंह नगर। जिले स्थित काशीपुर से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शिवलालपुर अमरझंडा स्थित बालाजी धाम में तंत्र-मंत्र और कथित गलत इलाज के दौरान उत्तर प्रदेश के संभल निवासी 6 वर्षीय मासूम अर्पित की मौत हो गई। बच्चा अपनी दादी के साथ गर्दन की गांठ का इलाज कराने धाम आया था। मासूम की मौत के बाद भड़के परिजनों और ग्रामीणों ने धाम में जमकर तोड़फोड़ की और बाबा को किडनैप कर यूपी ले गए।
मृतक मासूम के परिजनों का गंभीर आरोप है कि मंगलवार सुबह धाम के पीठाधीश्वर महंत ने बच्चे को इलाज के नाम पर कोई जहरीला इंजेक्शन दे दिया। इसके कुछ ही देर बाद बच्चे को उल्टियां होने लगीं और सुबह 10 बजे उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे की मौत के बाद उसकी दादी और फूफा को धाम के अंदर ही बंधक बना लिया गया था।
बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही संभल से परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ 3-4 गाड़ियों में सवार होकर काशीपुर धाम पहुंची। गुस्साई भीड़ ने धाम में तोड़फोड़ करते हुए महंत सत्यवीर सिंह (हनुमान नाथ) और सेवादारों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीण परिजनों को छुड़ाकर महंत और उनके दो सहयोगियों को जबरन गाड़ी में बैठाकर संभल (यूपी) ले आए। रास्ते में एक सेवादार चलती गाड़ी से कूदकर भागने में सफल रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही संभल पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विसरा सुरक्षित रख लिया है। परिजनों ने पकड़े गए महंत और उसके सहयोगी को संभल पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल यह मामला दो राज्यों की पुलिस के बीच उलझ गया है। संभल पुलिस जहां हिरासत में लिए गए बाबा से पूछताछ कर रही है, वहीं काशीपुर पुलिस भी तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।

Select Language

Advertisement