Report by : CWN Desk
Published at :
32 लाख के गबन का आरोपी कनिष्ठ सहायक गिरफ्तार

कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध चल रही लगातार कार्यवाही के चलते हाल ही में गबन के मामले में कोटद्वार नगर निगम में तैनात एकाउंटेंट को जेल भेजने के बाद PWD लैंसडाउन में तैनात कनिष्ठ सहायक को सरकारी धन के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है।

प्रान्तीय लोक अधिशासी अभियन्ता लैन्सडाउन प्रेम सिंह बिष्ट ने कोतवाली लैन्सडाउन में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि PWD कार्यालय लैन्सडाउन में तैनात कनिष्ठ सहायक प्रमेन्द्र सिंह पुत्र स्व0 लक्ष्मण सिंह द्वारा ठेकेदारों की 10 प्रतिशत धन की कुल 31,75,096/- रुपए की धनराशि को वापस न कर राजकीय धन का गबन किया है। लैन्सडाउन पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रियाज अहमद के सुपुर्द की गयी।

जांच के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्त द्वारा राजकीय कर्मचारी होते हुए देयक बाउचर्स की आँनलाईन फीडिंग व डिपोजिट कार्य के दौरान पंजीकृत ठेकेदारों के 10 प्रतिशत की धनराशि अपने रिश्तेदारों व परिचितों के बैंक खातों में हस्तान्तरित कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। विधि सम्मत व्यवस्था के अनुरूप उक्त अभियोग की अग्रिम विवेचना पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन कोटद्वार विभव सैनी के सुपुर्द की गयी। अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु गठित पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयासों के बाद सर्विलान्स की मदद से अभियुक्त प्रमेन्द्र सिंह को लैन्सडाउन में गांधी चौक के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›