Connect with us

नैनीताल

खैरना: पुलिस प्रताड़ना के आरोप से सुसाइड तक, परिजनों का शव लेने से इनकार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल के खैरना में बालम सिंह की मौत पर उबाल। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और रील डिलीट कराने के लगाए आरोप। पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस से भिड़े ग्रामीण।

नैनीताल। जिले के खैरना क्षेत्र में लोहाली निवासी 40 वर्षीय बालम सिंह की आत्महत्या के बाद मामला बेहद गरमा गया है। मंगलवार को हल्द्वानी पोस्टमार्टम हाउस से लेकर खैरना चौकी तक दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर बालम को चौकी में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थिति को बिगड़ता देख भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मृतक के चचेरे भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट के अनुसार, बालम छड़ा के पास नदी किनारे रील बना रहा था, तभी पुलिस की कार्रवाई उसके मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई। आरोप है कि इसी वीडियो से नाराज होकर पुलिसकर्मी उसे चौकी ले गए, जहाँ उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल का सिम कार्ड तोड़ दिया गया। घर लौटने के बाद बालम गहरे सदमे में था और उसने सोमवार रात कीटनाशक का सेवन कर लिया।
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा और भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा का कहना है कि बालम नशे की हालत में पाया गया था और मेडिकल जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद ही उसका चालान किया गया था। पुलिस के अनुसार, उसे नियमानुसार परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था और प्रताड़ना की बातें बेबुनियाद हैं।
हल्द्वानी में डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच बालम के शव का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही शरीर पर चोट के निशानों की सच्चाई साफ हो सकेगी। मंगलवार रात जब शव गांव लाया जा रहा था, तो परिजनों ने उचित कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर शव लेने से इनकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद रात करीब 11 बजे परिजन शव को घर ले जाने को तैयार हुए।
बालम 15 दिन पहले ही बेंगलुरू से अपने गांव आया था और बुधवार को उसे वापस काम पर लौटना था। उसकी मौत से पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने अब दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मृतक के कमरे को सील कर दिया है और आगे की जांच जारी है।

Select Language

Advertisement