Connect with us

उत्तराखण्ड

पेपर लीक: प्रश्न पत्र बाहर भेजने का सूत्रधार खालिद गिरफ्तार, बहन न्यायिक हिरासत में

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) परीक्षा प्रश्न पत्र मामले में पुलिस ने आखिरकार सूत्रधार खालिद को हरिद्वार से हिरासत में ले लिया। बीते दो दिनों से उसकी तलाश चल रही थी। मंगलवार देर रात उसे देहरादून लाकर पूछताछ शुरू कर दी गई। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि यह प्रकरण पेपर लीक का नहीं, बल्कि खालिद की परीक्षा पास कराने के लिए रची गई सुनियोजित साजिश है। इसके पीछे किसी अज्ञात मास्टरमाइंड की भूमिका सामने आ रही है, जिसने परीक्षा केंद्र से 12 सवाल बाहर भेजे। पुलिस का मानना है कि खालिद से पूछताछ के बाद मास्टरमाइंड भी जल्द गिरफ्त में होगा।
एसएसपी के अनुसार जांच अब दो मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित है। पहला, इस साजिश में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका। दूसरा, यह पता लगाना कि आखिर प्रश्न पत्र सेंटर से बाहर कैसे भेजा गया और जवाब किस तरह उपलब्ध कराए गए। इससे आयोग भविष्य की परीक्षाओं में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर सकेगा।
अब तक की विवेचना में किसी बड़े गैंग या संगठित गिरोह की संलिप्तता नहीं मिली है। जांच में खालिद, उसकी बहन साबिया, उनकी परिचित हीना और टिहरी की सहायक प्रोफेसर सुमन के नाम सामने आए हैं। इसके अतिरिक्त एक अज्ञात व्यक्ति की तलाश जारी है।
इधर, मामले की जांच कर रही एसआईटी की विवेचना अधिकारी एसपी (देहात) जया बलोनी ने बताया कि आरोपी साबिया को पूरी जानकारी थी कि उसका भाई परीक्षा दे रहा था। इसके बावजूद उसने प्रश्न पत्र के स्क्रीनशॉट प्रोफेसर सुमन को भेजकर उनसे उत्तर हासिल किए। साबिया को यह प्रश्न पत्र किसने भेजे, यह जांच का अहम हिस्सा है। मंगलवार को साबिया को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, खालिद से गहन पूछताछ जारी है और आवश्यकता पड़ने पर बुधवार को उसे पुलिस रिमांड पर लिया जा सकता है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement