हरिद्वार
डांस वीडियो पर बोले कुंवर प्रणव चैंपियन- ‘मैं राजा हूं, इनाम देना गलत नहीं’
रुड़की में शादी के दौरान वायरल हुए डांस वीडियो पर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने दी सफाई। 54 इंच का सीना और राजसी परंपरा का दिया हवाला। विरोधियों को दी कड़ी चेतावनी।
रुड़की: खानपुर से पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। रुड़की में एक शादी समारोह के दौरान डांसर के साथ थिरकने का वीडियो वायरल होने के बाद चैंपियन ने सोशल मीडिया पर आकर अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में विरोधियों को ललकारते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
कुंवर प्रणव चैंपियन ने वीडियो में कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह झूठे हैं। उन्होंने तर्क दिया कि वह राजा-महाराजाओं के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। प्राचीन समय में राजाओं के सामने तवायफें नृत्य करती थीं और राजा उन्हें इनाम दिया करते थे। चैंपियन के अनुसार, उनके परिवार की इस परंपरा में कुछ भी गलत नहीं है और इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
पूर्व विधायक ने अपनी फिटनेस और चरित्र पर जोर देते हुए कहा कि 60 साल की उम्र में भी उनका 54 इंच का सीना है। उन्होंने इस ताकत का श्रेय अपने चरित्रवान होने और महादेव की भक्ति को दिया। चैंपियन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
वीडियो में चैंपियन काफी आक्रामक नजर आए और उन्होंने फर्जी वीडियो इंटरनेट पर डालने वालों को कानूनी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक अपनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उनकी लोकप्रियता से घबराकर उनके ईमान पर वार कर रहा है।
फिलहाल, इस सफाई के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है। जहाँ उनके समर्थक इसे राजसी ठाट-बाट बता रहे हैं, वहीं आलोचक इसे सार्वजनिक जीवन में अमर्यादित आचरण मान रहे हैं। रुड़की और आसपास के इलाकों में यह वीडियो और चैंपियन का बयान जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।
