गुजरात के कच्छ में खावड़ा-भुज हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के एक आर्मी परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत। पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया शोक। पढ़ें पूरी खबर
देहरादून। गुजरात के कच्छ में 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के एक आर्मी परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह परिवार छुट्टियां मनाने कच्छ आया था और कच्छ का रण घूमकर कार से भुज लौट रहा था। रास्ते में सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कच्छ वेस्ट पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार रात करीब 10 बजे हुई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिनमें तीन महीने की मासूम बच्ची सिविका भी शामिल है। कार की टूटी नंबर प्लेट पर UK07 लिखा होने से परिवार के देहरादून निवासी होने की संभावना है। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस पहुंची और शवों को भुज के जीके जनरल अस्पताल भेजा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, सीएम धामी ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को धैर्य देने की प्रार्थना की।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरव सिंह नेगी (32), सविता नेगी, तीन माह की सिविका नेगी, रिंकी गुसाईं, वामिका गुसाईं, राजेश सिंह रावत और सात वर्षीय रक्षिता रावत के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए हैं और पुलिस ने मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।