Report by : CWN Desk
Published at :
इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, कनाडा से रामनगर मालधनचौड़ पहुंची युवती ने रचाई शादी, कोतवाली में चार घंटे हंगामा

रामनगर। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई, यह किसी को पता नहीं चला। कनाडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय युवती को उत्तराखंड के मालधनचौड़ निवासी 23 वर्षीय युवक से इंस्टाग्राम के जरिये प्रेम हो गया। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ा और उन्होंने शादी का फैसला कर लिया। युवती तेलंगाना के हैदराबाद में अपने माता-पिता के साथ रहती थी और पिता इंजीनियर तथा मां प्रोफेसर हैं।
10 जुलाई को युवती बिना बताए घर से निकल गई और सीधा रुड़की पहुंची, जहां युवक से उसकी मुलाकात हुई। कोर्ट मैरिज की कोशिश असफल होने पर दोनों मालधनचौड़ पहुंचे और मंदिर में विवाह कर लिया। युवक 12वीं पास है और आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा है।
बेटी की लोकेशन ट्रेस कर उसके माता-पिता हैदराबाद पुलिस के साथ मालधनचौड़ पहुंचे। वहां से पुलिस ने दोनों को रामनगर कोतवाली लाकर पूछताछ की। युवती के परिजन उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रही। कोतवाली में करीब चार घंटे तक तनावपूर्ण माहौल रहा।
अंततः हैदराबाद पुलिस युवती को परिजनों के हवाले कर अपने साथ ले गई। फिलहाल युवती के माता-पिता युवक के परिजनों के साथ बातचीत के लिए मालधनचौड़ चले गए हैं। मामले ने स्थानीय क्षेत्र में भी खासा ध्यान खींचा है, जहां लोग सोशल मीडिया के रिश्तों पर चर्चा करते नजर आए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›