हल्द्वानी
हल्द्वानी के डहरिया में बड़ा हादसा: हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आया मजदूर, हालत गंभीर
हल्द्वानी के डहरिया में निर्माण कार्य के दौरान हाई टेंशन लाइन से मजदूर बुरी तरह झुलस गया। हादसे में पड़ोसियों के बिजली उपकरण भी फूंक गए। जानें पूरी घटना।
हल्द्वानी: शहर के डहरिया क्षेत्र की एक रिहायशी कॉलोनी में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। यह हादसा बीसी पांडे के घर की दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ। करंट इतना जोरदार था कि मजदूर बुरी तरह झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, डहरिया में निर्माण कार्य के दौरान तीन-चार मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच एक मजदूर लोहे की किसी वस्तु को नीचे उतारने का प्रयास कर रहा था। तभी लोहे की वह वस्तु ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से टकरा गई। करंट लगते ही मजदूर छिटक कर गिर पड़ा और बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे का असर केवल उसी घर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पड़ोसियों के घरों में भी भारी नुकसान हुआ है। हाई टेंशन लाइन से करंट पास होने के कारण पड़ोसी के घर के बिजली मीटर, स्विच बॉक्स और पंखे समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए हैं। घर की पूरी विद्युत व्यवस्था ठप हो गई है और दीवारों पर लगे उपकरण काले पड़ गए हैं।
घटनास्थल का दौरा करने पर स्थानीय निवासियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पूरी कॉलोनी में दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है। घायल मजदूर की पहचान और उसके स्वास्थ्य के बारे में अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरती ये हाई वोल्टेज लाइनें पहले भी कई बार जानलेवा साबित हो चुकी हैं।
