उत्तराखंड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए 50 उप शिक्षा अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। जानिए पूरी खबर।
देहरादून। उत्तराखंड की विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और गुणवत्तापरक बनाने के उद्देश्य से शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासन ने दो अलग-अलग आदेश जारी कर कुल 50 उप शिक्षा अधिकारियों को नई तैनाती दी है।
प्रशासनिक हित में जारी किए गए इन आदेशों के तहत पहले से कार्यरत दो दर्जन उप शिक्षा अधिकारियों को उनके मौजूदा तैनाती स्थलों से स्थानांतरित कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, सीमैट उत्तराखंड में अपना प्रशिक्षण पूरा करने वाले राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 26 नए उप शिक्षा अधिकारियों को विभिन्न विकासखंडों में पहली तैनाती दी गई है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य के सभी विकासखंडों में शिक्षा अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से अब विभाग में अधिकारियों की कमी दूर हो गई है। उप शिक्षा अधिकारियों की नई तैनाती से विकासखंड स्तर पर विभागीय कार्यों को गति मिलेगी और विद्यालयों की शैक्षिक व प्रशासनिक गतिविधियों की बेहतर निगरानी संभव हो सकेगी।
सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल संसाधन जुटाना ही नहीं, बल्कि प्रभावी प्रशासन और नियमित अनुश्रवण के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक माहौल प्रदान करना है। शिक्षा मंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ हर विद्यालय तक पहुंच सके।