Report by : CWN Desk
Published at :

हरिद्वार- भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन के पदाधिकारियों ने हरिद्वार तहसील के किशनपुर में तैनात संग्रह अमीन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को उपजिलाधिकारी पूरन सिंह राणा से मुलाकात की। उन्हें ज्ञापन सौंपकर संग्रह अमीन स्वतंत्र कुमार को हटाने की मांग की करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यवाही ना होने पर यूनियन के पदाधिकारियों ने जल्द जगजीतपुर मातृ सदन आश्रम में धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विनोद कश्यप के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। राष्ट्रीय सलाहकार यशपाल चौधरी ने कहा कि किशनपुर के संग्रह अमीन स्वतंत्र कुमार जाति, आय और मूल निवास प्रमाण पत्र रिपोर्ट लगाने के नाम पर लोगों को परेशान करते हैं। बिना सुविधा शुल्क के वह कोई भी रिपोर्ट लगाने का कार्य नहीं कर रहे हैं। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने यूनियन को इस बात से अवगत कराया था। गरीब मजदूर किसान अपने बच्चों के प्रमाण पत्र बनवा कर स्कूलों में प्रवेश दिलाने के साथ ही कई योजनाओं में आवेदन करते हैं लेकिन इस तरह के कर्मचारियों के कारण वह दिक्कतों का सामना करना पड़ता है इसलिए ऐसे संग्रह अमीनों के खिलाफ कार्रवाई होनी बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लेखपालों के पास से प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने की व्यवस्था लिए जाने के बाद से स्थिति ज्यादा बिगड़ गई है। लेखपालों के समय में इस तरह की शिकायतें बिल्कुल भी नहीं आती थी लेकिन संग्रह अमीनों के व्यवस्था संभालने के बाद से ही प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने के लिए प्रमाण पत्रों को लेकर ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विनोद कश्यप ने कहा कि किशनपुर के संग्रह अमीन स्वतंत्र कुमार की शिकायत लगातार सामने आ रही थी जिसके बाद किसान यूनियन को यह कदम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संग्रह अमीन को हटाने की मांग करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए अगर ऐसा नहीं किया गया तो भारतीय किसान मजदूर उत्थान यूनियन मातृ सदन आश्रम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने के लिए बाध्य होगी। जिसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। उप जिलाधिकारी पूरन सिंह राणा ने किसान यूनियन के पदाधिकारियों को जांच कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय महासचिव इरशाद अली, प्रदेश संयोजक राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ विजेंद्र चौहान, मोहम्मद सैयद, मोहम्मद असलम, मोहम्मद आकिल, प्रशांत चौधरी, अक्षय चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›