Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में खनन डंपर का कहर: 6 मवेशियों की मौत, 40 से ज्यादा को रौंदा, ग्रामीणों में भारी गुस्सा Vector Cartoon Dump Truck. Available EPS-10 vector format separated by groups and layers for easy edit

विकासनगर के ललूपुर-पांवटा हाईवे पर तेज रफ्तार खनन डंपर ने वन गुर्जरों के मवेशियों को रौंद दिया। हादसे में 6 जानवरों की मौत और कई घायल। जानें पूरी रिपोर्ट।

विकासनगर (देहरादून): उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया। ललूपुर-पांवटा नेशनल हाईवे पर आदूवाला के पास एक तेज रफ्तार खनन से लदे डंपर ने वन गुर्जरों के मवेशियों के झुंड को बेरहमी से रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे में 40 से ज्यादा मवेशी डंपर की चपेट में आ गए, जिनमें से 6 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई और दर्जनों घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वन गुर्जर परिवार हिमाचल प्रदेश के कौलर क्षेत्र से अपने मवेशियों के साथ आ रहा था। सुबह का समय था और जानवर सड़क के किनारे चल रहे थे। तभी हिमाचल की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार खनन डंपर ने अपना संतुलन खो दिया और सीधे मवेशियों के झुंड में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर मवेशियों के तड़पने और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
पीड़ित वन गुर्जर हनीफ ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि वे अपने परिवार के साथ शांति से जा रहे थे। अचानक आए डंपर ने मवेशियों को टक्कर मार दी, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। कई गाएं और भैंसें अभी भी गंभीर हालत में हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा, जिससे स्थानीय लोगों और गुर्जरों में भारी रोष है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि विपिन चौहान ने बताया कि इस रूट पर खनन के वाहन अक्सर निर्धारित गति से अधिक तेज चलते हैं, जो लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने अन्य दो डंपरों को घेरकर रोक लिया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और फरार डंपर की तलाश जारी है। विकासनगर हादसा एक बार फिर खनन माफियाओं और बेखौफ डंपर चालकों पर लगाम लगाने की जरूरत को उजागर करता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›