नैनीताल
नैनीताल: पहचान छिपाकर युवतियों को ठगने वाला मोहम्मद यूनुस गिरफ्तार, जेल भेजा गया
भीमताल में पहचान छिपाकर युवतियों का शोषण और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले आरोपी मोहम्मद यूनुस को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नैनीताल: भीमताल क्षेत्र में अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर युवतियों का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने वाले मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस को पुलिस ने धर दबोचा है। गुरुवार को नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए आरोपी को कोर्ट में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देशों के बाद एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी यूनुस खुद को फोटोग्राफी, वीडियो शूट और हाइकिंग का विशेषज्ञ बताकर युवतियों से संपर्क साधता था। वर्ष 2020 में उसने एक पीड़िता से अपनी असली पहचान छिपाकर दोस्ती की। आरोपी ने पीड़िता का विश्वास जीतकर कैमरा, लेंस और आईफोन जैसे महंगे उपकरणों पर करीब 17 लाख रुपये खर्च करवा दिए। जब शादी की बात आई, तब आरोपी की असलियत सामने आई और उसने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि यूनुस ने उस पर पहनावा और खान-पान बदलने के लिए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी कई अन्य युवतियों को भी अपना शिकार बना चुका है। आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली थी, लेकिन अदालत से उसे कोई राहत नहीं मिली। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद यूनुस के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के सोशल मीडिया और डिजिटल डेटा में अन्य युवतियों से संबंधित कोई आपत्तिजनक सामग्री तो नहीं है, जिसे हटाने की मांग पीड़िता ने की थी।
