Connect with us

नैनीताल

नैनीताल हादसा: रामगढ़ में खाई में गिरी टेंपो ट्रैवलर, 3 पर्यटकों की मौत, 20 घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल के रामगढ़ में बड़ा हादसा! भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर खाई में गिरी पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर। 3 पर्यटकों की मौत, 20 घायल। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

नैनीताल। जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छुट्टियों की खुशियों को मातम में बदल दिया। भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर मल्ला रामगढ़ के पास पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य यात्री घायल हो गए। वाहन में चालक समेत कुल 22 पर्यटक सवार थे।
पुलिस के अनुसार, वाहन (UP-14 TQ-9690) दिल्ली, फरीदाबाद और हरियाणा से पर्यटकों को लेकर मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से आगे चालक ने अचानक गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन पैराफिट तोड़ते हुए खाई में गिर गया। राहत की बात यह रही कि वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया, जिससे कई यात्रियों की जान बच पाई।
दुर्घटना की खबर मिलते ही भवाली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। लगातार हो रही बारिश और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद कठिन रहा। जवानों ने रस्सियों की मदद से एक-एक घायल को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि मृतकों में फरीदाबाद निवासी सुमित पाल सिंह (24), अभिषेक (26) और प्रदीप (26) शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने चालक यश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ गया। प्रशासन ने पर्यटकों से पहाड़ी मार्गों पर धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।

Select Language

Advertisement