Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा की दसवीं की छात्रा अर्शदीप कौर समेत 3 मेधावियों को मिला राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड

शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए उत्तराखंड राज्य से 10 इनोवेटिव प्रोटोटाइप राष्ट्रीय स्तर पर हुए थे सम्मलित

देहरादून। उत्तराखंड के तीन मेधावियों को राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड प्राप्त हुआ है। बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने मेधावियों को पुरस्कृत किया।
इंस्पायर अवार्ड के राज्य समन्वयक डॉ अवनीश उनियाल ने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से आयोजित इंस्पायर अवार्ड के तहत शैक्षिक सत्र 2021 – 22 के लिए उत्तराखंड राज्य से 10 इनोवेटिव प्रोटोटाइप राष्ट्रीय स्तर पर सम्मलित हुए थे। जिनमे से तीन प्रोटोटाइप राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुए हैं।
नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन के एक्सपर्ट समूह द्वारा इन प्रोटोटाइप का अंतिम चयन किया गया है। इसमें राजीव राजीव गांधी नवोदय विद्यालय खटीमा (ऊधमसिंहनगर) की दसवीं की छात्रा अर्शदीप कौर द्वारा विकसित प्रोटोटाइप ‘इंप्रूव्ड ग्रेन स्टोरेज बिन’ शामिल है। अर्शदीप को इसमें विज्ञान शिक्षक निर्मल न्योलिया का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसी तरह सिटी कॉन्वेंट स्कूल खटीमा (उधम सिंह नगर) में बारहवीं के छात्र तरुण कोठारी द्वारा शिक्षक दिग्विजय सिंह के मार्गदर्शन में बनाए गए ‘ग्रास कटर डिवाइस और जनता इंटर कॉलेज ढामकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल में आठवीं के छात्र किशन द्वारा शिक्षक आशीष रावत के मार्गदर्शन में निर्मित नवाचार ‘व्हीट एंड ग्रास कटर’ को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष शोध विचारों में पुरस्कृत किया गया। उनियाल ने बताया कि दसवीं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी और परियोजना प्रतियोगिता गत नौदस अक्तूबर को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सम्पन्न हुई। इसके बाद बुधवार को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डा जितेंद्र सिंह द्वारा विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन मेधावियों को पुरस्कृत किया गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›