Report by : CWN Desk
Published at :
चमोली में नाले में मिला नवजात, मुंह में ठूंसा था रबर; बची जान

उत्तराखंड के चमोली जिले के रांगतोली गांव में नाले के पास संदिग्ध हालत में एक नवजात मिला। मुंह में रबर ठूंसा हुआ था, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से जान बच गई।

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चमोली कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में गुरुवार तड़के एक नवजात शिशु नाले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि किसी ने नवजात का दम घोंटने की नीयत से उसके मुंह में पशुओं को बांधने वाला रबर का टुकड़ा ठूंस दिया था। गनीमत यह रही कि समय रहते गांव की एक महिला की नजर उस पर पड़ गई, जिससे मासूम की जान बचाई जा सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव की एक महिला गोशाला की ओर जा रही थी। उसी दौरान उसने रास्ते के किनारे नाले के पास नवजात को बेसुध पड़ा देखा। महिला ने बिना एक पल गंवाए तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान संतोष गुसांई को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी बिना देर किए तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बच्चा नाले के पास पड़ा था और सांस लेने के लिए तड़प रहा था।
ग्राम प्रधान ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत नवजात के मुंह से रबर बाहर निकाला। रबर बाहर निकालते ही नवजात की सांसें चलने लगीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत चमोली कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात को अपनी सुरक्षा में ले लिया। पुलिस ने बिना किसी देरी के बच्चे को चमोली जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि नवजात शिशु को डॉक्टरों की विशेष देखरेख में रखा गया है और उसकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मासूम को इस अमानवीय हालत में वहां किसने छोड़ा था। पुलिस दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
इस घटना के बाद से पूरे रांगतोली गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोग इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›