Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी व दिनेशपुर में सड़क हादसों में दो की मौत, तितोली में नौले में डूबने से मासूम ने गंवाई जान

उत्तरकाशी। लंबगांव उत्तरकाशी मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह घटना अपराह्न करीब 1:30 बजे राजकीय महाविद्यालय लंबगांव के समीप हुई।

जानकारी के अनुसार, श्रीवाणी गांव निवासी रघुवीर सिंह पवार (66) और उनके छोटे भाई सुरेंद्र सिंह पवार अस्पताल में इलाज कराने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान लंबगांव से सेम-मुखेम जा रही एक बस से पास लेते समय बाइक बस के पिछले टायर की चपेट में आ गई, जिससे बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

इस हादसे में बड़े भाई रघुवीर सिंह पवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई सुरेंद्र सिंह पवार को गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबगांव में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे से संबंधित सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›