Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूटर सवार छात्रा को बस ने कुचला, मौके पर ही मौत

देहरादून। सोमवार शाम शिमला बाईपास तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार छात्रा की जान चली गई। आईएसबीटी फ्लाईओवर की ओर जा रही 21 वर्षीय युवती को ओवरटेक करते समय निजी बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मूल रूप से सहारनपुर के मानकमऊ निवासी लाइबानो पुत्री वाकत खान प्रेमनगर स्थित बीएफआईटी संस्थान में पढ़ाई कर रही थी। वह अपनी दोस्त से मिलने टर्नर रोड स्थित वेलमेड अस्पताल जा रही थी। शिमला बाईपास तिराहे से फ्लाईओवर की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रही दून-विकासनगर रूट की निजी बस ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में लाइबानो स्कूटर समेत सड़क पर गिर गई और बस के पहिये के नीचे आ गई।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने बस चालक को पकड़कर पिटाई कर दी और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पटेलनगर इंस्पेक्टर सीबीएस अधिकारी और आईएसबीटी चौकी इंचार्ज हर्ष अरोड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कर शव को वेलमेड अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।

करीब आधे घंटे की देरी से एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›