अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ हादसा: जिम से लौट रहे 11वीं के छात्र की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत
पिथौरागढ़ की जाख पुरान रोड पर भीषण हादसा। तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार छात्र विकास कुमार को कुचला। मकर संक्रांति पर पसरा मातम, आरोपी ड्राइवर हिरासत में।
पिथौरागढ़। जिले में बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर एक तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार छात्र को कुचल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 11वीं कक्षा के छात्र विकास कुमार (18) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा जिला मुख्यालय से जुड़ी जाख पुरान रोड पर थरकोट गांव के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, पुरान निवासी विकास सुबह जिम में वर्कआउट करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे टिप्पर (UK 05CA 1928) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक का पिछला टायर विकास के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने तत्काल दम तोड़ दिया।
मृतक के ताऊ राम प्रसाद ने भावुक होते हुए बताया कि सुबह 6 बजे विकास उनसे मिलने आया था। उन्होंने ठंड के कारण उसे बाहर जाने से मना किया था, लेकिन वह “गुड मॉर्निंग” बोलकर निकल गया। विकास के पिता राजेंद्र प्रसाद बीआरओ (BRO) में मिजोरम में तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया है और मां बेसुध है।
स्कूल के बायोलॉजी शिक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि विकास पढ़ाई में बहुत अच्छा और सौम्य स्वभाव का था। विकास का एक छोटा भाई कार्तिक और बहन दिया भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टिप्पर चालक को हिरासत में ले लिया है। ऐंचोली चौकी प्रभारी कमलेश जोशी की टीम ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मकर संक्रांति के दिन हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र और स्कूल को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
