Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ सड़क हादसा: मुवानी-थल रोड पर गहरी खाई में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुवानी-थल मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर बाइक खाई में गिरी। मालासीमा गांव के दो युवकों की मौके पर ही मौत, एक गंभीर रूप से घायल।

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से एक बेहद दर्दनाक और दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ मुवानी-थल मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दो सगे दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक थल क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले थे, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थल क्षेत्र के मालासीमा गांव के निवासी तीन युवक- प्रदीप ज्याला (24 वर्ष) पुत्र दरपान ज्याला, बॉबी सिंह देऊपा (19 वर्ष) पुत्र डिगर सिंह देऊपा और बलवंत सिंह भंडारी (25 वर्ष) पुत्र प्रमोद सिंह भंडारी शनिवार को एक ही बाइक पर सवार होकर थल से मुवानी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चोपड़ा के समीप पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर गहरे गधेरे (खाई) में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि प्रदीप ज्याला और बॉबी सिंह देऊपा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक में सवार तीसरा युवक बलवंत सिंह भंडारी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय राहगीरों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रकाश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को गहरे गधेरे से बाहर निकाला। घायल बलवंत सिंह को आपातकालीन वाहन से तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मुवानी भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एक ही गांव के दो होनहार युवकों की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में डूबे तीन लोग: त्यूणी में बिना सायरन डैम से छूटा पानी, हरिद्वार और रुड़की में भी मिले शव

Select Language

Advertisement