देहरादून
देहरादून: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट से भड़की भीड़, पुलिस ने लाठीचार्ज कर कराया सड़क से यातायात बहाल
देहरादून। सोमवार रात सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए। पैगंबर के सम्मान में की गई आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में सैकड़ों लोग देर शाम बाजार चौकी पर जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। बढ़ती भीड़ और नारेबाजी के कारण इलाके में जाम की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने की आशंका देखते हुए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को गलियों में खदेड़कर सड़क से यातायात सुचारु कराया गया।
शिकायत लेकर चौकी पहुंचे लोग, देखते ही देखते जुटी भीड़
सोमवार शाम करीब आठ बजे कुछ लोग सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए बाजार चौकी पहुंचे। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि एक युवक ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। पुलिस चौकी पर शिकायत देने पहुंचे इन लोगों के साथ थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। देखते ही देखते करीब 300 लोग लालपुल से निरंजनपुर सब्जी मंडी चौराहे तक सड़क पर जमा हो गए।
यातायात ठप, जाम से बढ़ी परेशानी
अचानक भीड़ बढ़ने और सड़क पर नारेबाजी करने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लालपुल से लेकर सब्जी मंडी तक लंबा जाम लग गया। वाहन सड़कों पर घंटों फंसे रहे और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को शांत करने की कोशिश की और समझाया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और शिकायत दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अधिकारियों ने दिलाया भरोसा
तनाव बढ़ने की सूचना पर सीओ, पटेल नगर थानाध्यक्ष और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने भीड़ से अपील की कि वे सड़क से हट जाएं क्योंकि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है। समाज के कुछ लोग भीड़ को शांत करने और सड़क खाली कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन लोग वहां से हटने को तैयार नहीं हुए।
पुलिस का हल्का बल प्रयोग
जैसे-जैसे रात गहराती गई, स्थिति तनावपूर्ण होती चली गई। उपद्रव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और भीड़ को गलियों की ओर खदेड़ा। इसके बाद पुलिस ने सड़क से लोगों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आरोपी हिरासत में, कानूनी कार्रवाई जारी
पटेल नगर के थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर लिया गया है। बावजूद इसके सड़क पर भीड़ जमा कर हंगामा करने वालों को हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
