नैनीताल
नैनीताल में पुलिसकर्मी का कहर: तेज रफ्तार कार ने 3 युवकों को रौंदा, 1 की हालत गंभीर
नैनीताल के तल्लीताल में एक पुलिसकर्मी ने कार से तीन पेंटरों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पूरी खबर पढ़ें।
नैनीताल। गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ तल्लीताल फांसी गदेरा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त वाहन एक पुलिसकर्मी चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए आरोपी चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों की पहचान बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल के रूप में हुई है, जो हरि नगर के निवासी हैं। ये तीनों युवक पेशे से पेंटर हैं और गुरुवार सुबह राज भवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस में काम करने जा रहे थे। डॉक्टरों के अनुसार, इनमें से एक युवक की हालत अत्यंत गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल पुलिस आरोपी पुलिसकर्मी और उसके साथी की तलाश में जुटी है। विभाग ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
