Report by : CWN Desk
Published at :
राम बारात की अनुमति न मिलने पर रामलीला कलाकारों ने थाने में किया मंचन, दी गिरफ्तारी

ऋषिकेश। रामलीला मंचन को लेकर बनखंडी क्षेत्र में जारी विवाद ने मंगलवार को नया मोड़ ले लिया। राम बारात निकालने की अनुमति न मिलने से नाराज सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और पात्र देर शाम ऋषिकेश कोतवाली पहुंच गए और गिरफ्तारी देने की मांग की।
बनखंडी में रामलीला मंचन को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से तनातनी चल रही है। इसी विवाद के बीच प्रशासन ने किसी भी पक्ष को मंचन की अनुमति नहीं दी थी। बावजूद इसके, एक पक्ष की ओर से 18 सितंबर से मंचन शुरू कर दिया गया। इस पर पुलिस ने मंचन से जुड़े 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके अलावा एक अन्य मामले में दो लोगों को नामजद किया गया।
मंगलवार को कमेटी की ओर से राम बारात निकालने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इससे नाराज होकर कमेटी अध्यक्ष हरिराम अरोड़ा और महामंत्री योगेश कालरा अपने कलाकारों, संगीतज्ञों और पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग कमेटी की संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से सरकार और प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। यही कारण है कि बार-बार मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें रामलीला करने से रोका जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि विवाद को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर राम बारात या रावण दहन जैसे आयोजनों की अनुमति नहीं दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम से स्थानीय लोगों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›