अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
रानीखेत हादसा: खाई में गिरी कार, हल्द्वानी के युवक समेत दो की मौत
उत्तराखंड के रानीखेत में बड़ा हादसा। ताड़ीखेत ब्लॉक में 150 मीटर गहरी खाई में कार गिरने से हल्द्वानी के युवक सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत। पढ़ें पूरी खबर।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के पर्वतीय रास्तों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत ताड़ीखेत ब्लॉक में एक भीषण कार हादसा सामने आया है। यहाँ सौनी बिनसर के तितालीखेत क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना मंगलवार दोपहर की है, जब एक राहगीर ने करीब डेढ़ बजे आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रानीखेत कोतवाली पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए घटना स्थल पर पहुंच गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार (CH 01 CB 5868) के परखच्चे उड़ चुके थे। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों ने तुरंत संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने खाई से दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था। इसी बीच घटना स्थल पर गिरे एक मोबाइल फोन पर घंटी बजी, जिससे एक मृतक की पहचान जीवन चंद्र जोशी के रूप में हुई। वह बिठोरिया नंबर-एक, हल्द्वानी का रहने वाला था, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद हल्द्वानी में युवक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेज दिया है। उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र ने बताया कि हादसा कब और कैसे हुआ, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस खतरनाक मोड़ पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है।
