Report by : Paras Bisht
Published at :
नैनीताल जिले के इस क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए एक महीने तक बंद रह सकता है यातायात

नैनीताल। हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए एक महीने तक यातायात बंद करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए एनएच प्रशासन ने डीएम नैनीताल को पत्र भेज अनुमति मांगी है। चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर यातायात बंद रखने पर जोर दिया है। डीएम की अनुमति मिलते ही चौड़ीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।
हाईवे पर संवेदनशील दोपांखी, भौर्या बैंड व रातीघाट समेत कई स्थानों पर चार वर्ष पूर्व मूसलधार वर्षा के बाद भूस्खलन होने से हाईवे का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया। यातायात ठप होने पर एनएच प्रशासन ने पहाड़ी काट वाहनों की वन-वे आवाजाही सुचारू की।
वन-वे आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बढ़ने और आए दिन जाम लगने से एनएच प्रशासन ने दोपांखी क्षेत्र में थुआ की पहाड़ी को काट हाईवे को चौड़ा करने की रणनीति तैयार की। बीते नवंबर माह में चौड़ीकरण कार्य शुरू होने से वाहनों की आवाजाही में राहत मिलने की उम्मीद जगी पर तय समय में पहाड़ी कटान का कार्य पूरा नहीं हो सका।
अब इधर एनएच प्रशासन ने दोबारा कार्य शुरू करने की कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह को पत्र भेज एक महीने तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद करने की अनुमति मांगी है ताकि युद्ध स्तर पर कार्य हाईवे को चौड़ा किया जा सके।
एनएच के सहायक अभियंता रमेश पांडे के अनुसार जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद चौड़ीकरण कार्य शुरू किया जाएगा। हाईवे पर आवागमन बंद रहने के दौरान वाहनों को वाया क्वारब व भवाली रूट में डायवर्ट किया जाएगा ताकि कार्य प्रभावित हुए बिना सड़ चौड़ीकरण किया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›