Connect with us

उत्तराखण्ड

देहरादून: ITDA डेटा सेंटर पर रशियन मैलवेयर अटैक, 20 से अधिक वेबसाइट्स ठप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड ITDA के स्टेट डेटा सेंटर पर रशियन मैलवेयर से साइबर अटैक हुआ है। इस वजह से 20 से ज्यादा सरकारी वेबसाइटें करीब 15 घंटे ठप रहीं। जानिए पूरा मामला।

देहरादून। सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (ITDA) के स्टेट डेटा सेंटर पर एक बार फिर बड़ा साइबर हमला हुआ है। शुक्रवार देर रात हुए इस रशियन मैलवेयर साइबर अटैक के बाद प्रदेश की 20 से अधिक महत्वपूर्ण सरकारी वेबसाइटों ने काम करना बंद कर दिया। इस अचानक हुए हमले से प्रशासनिक महकमे और आईटी विभाग में करीब 15 घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
शनिवार सुबह सरकारी दफ्तर खुलते ही जब अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की वेबसाइटें खोलने का प्रयास किया, तो वे सर्वर डाउन मिलने के कारण खुल नहीं सकीं। छानबीन करने पर पता चला कि डेटा सेंटर के सर्वर पर रशियन मैलवेयर का संक्रमण हुआ है। इसके बाद आईटीडीए की टीम ने वायरस को अन्य प्रणालियों में फैलने से रोकने के लिए एहतियातन तुरंत डेटा सेंटर के सर्वर को डाउन कर दिया और गहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
शनिवार देर शाम आईटीडीए अधिकारियों ने दावा किया कि फिलहाल खतरे को टाल दिया गया है और प्रभावित सभी वेबसाइटों को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है। हालांकि, इस हमले से कितना डेटा प्रभावित हुआ है, इसका सटीक आकलन करने के लिए डीप स्कैनिंग की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, डेटा चोरी की संभावना की जांच करने के साथ-साथ डेटा सेंटर के सभी एप्लीकेशन को दोबारा कोड करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
गौर करने वाली बात यह है कि आईटीडीए के स्टेट डेटा सेंटर पर साइबर हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व 4 अक्टूबर 2024 को भी डेटा सेंटर पर बड़ा रैनसमवेयर अटैक हुआ था, जिससे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और 180 से अधिक वेबसाइटें ठप हो गई थीं। इसके अलावा इसी वर्ष जनवरी में भी एक कम तीव्रता का साइबर हमला हुआ था, जिसने 10 से अधिक सरकारी वेबसाइटों के कामकाज को प्रभावित किया था।
बार-बार हो रहे साइबर हमलों ने राज्य के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईटीडीए ने भविष्य में ऐसे खतरों से निपटने के लिए डेटा सेंटर के सुरक्षा प्रोटोकॉल को और अधिक मजबूत करने का फैसला लिया है। शासन स्तर पर भी साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद से डेटा रिडंडेंसी और एडवांस फायरवॉल सिस्टम को अपग्रेड करने की तैयारी की जा रही है।

Select Language

Advertisement