हल्द्वानी
हल्द्वानी में स्वतंत्रता दिवस पर सारथी फाउंडेशन ने कराया रंगारंग कार्यक्रम
हल्द्वानी के बमोरी मल्ली प्रा. पा. में सारथी फाउंडेशन समिति ने 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। स्कूली बच्चों ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम।
हल्द्वानी। प्रा० पा० बमोरी मल्ली (नियर दुर्गा सिटी सेंटर) में स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया। सारथी फाउंडेशन समिति परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार सुबह 9 बजे हुआ, जिसमें स्कूली बच्चों ने कई मनमोहक और रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर निगम पार्षद रवि बाल्मीकी, स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती चम्पा पुरोहित, सहायक शिक्षिका दीपा जोशी और सारथी फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष नवीन पन्त की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी सम्मानित अतिथियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत की। समारोह के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने तालियां बजाकर बच्चों का जमकर उत्साहवर्धन किया।
समारोह में पहुंचे अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को 15 अगस्त की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्था के सचिव ज्ञानेंद्र जोशी, जय प्रकाश, डॉ० जाकिर हुसैन, बीना जोशी, पूजा पन्त और संतोष गौड़ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
