Connect with us

देहरादून

सेलाकुई हत्याकांड: जन्मदिन की पार्टी में चाकू मारकर युवक की हत्या, आरोपी फरार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के सेलाकुई (जमनपुर) में बेटी के जन्मदिन की पार्टी के दौरान कहासुनी में राजपाल की चाकू मारकर हत्या। पुरानी रंजिश के चलते घटना को दिया अंजाम।

देहरादून। जिले के थाना सेलाकुई अंतर्गत जमनपुर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेटी की जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो पड़ोसियों में हुई मामूली हाथापाई ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय राजपाल पुत्र तेजराम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम फोटे कुआं, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) का निवासी था। वर्तमान में वह सेलाकुई के जमनपुर में मनोज की बिल्डिंग में रह रहा था। घटना 21 सितंबर की देर रात लगभग 11 बजे की है। सूचना मिलते ही सेलाकुई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था और बिल्डिंग के बाहर रास्ते में उसका राजपाल से विवाद हो गया। दोनों ने शराब पी रखी थी। लगभग 10-15 दिन पहले भी खाने-पीने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिससे उनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी पुरानी रंजिश और तात्कालिक बहस के बाद जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार (निवासी मीरपुर हेमूपुर, जिला पीलीभीत) मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Select Language

Advertisement