देहरादून
देहरादून में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने महिला को गोली मारकर की खुदकुशी
विकासनगर (देहरादून) में युवक ने महिला को तमंचे से गोली मारने के बाद खुद को गोली से उड़ाया। युवक की मौत, घायल महिला हायर सेंटर रेफर। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून। राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। कल्याणपुर स्थित एक किराए के कमरे में एक युवक ने महिला को तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद युवक ने खुद की कनपटी पर भी गोली चला ली। इस खौफनाक घटना में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को देहरादून के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:15 बजे स्थानीय लोगों ने किराए के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनी। पड़ोसियों ने तुरंत घटना की सूचना Uttarakhand Police को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस टीम ने खिड़की की जाली तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया।
कमरे के भीतर कमलेश निवासी चकराता और संगीता निवासी उत्तरकाशी खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। कमलेश की सांसें थम चुकी थीं, जबकि संगीता की हालत बेहद नाजुक थी। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे देहरादून रेफर कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट एकत्र किए हैं। मौका-ए-वारदात से वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। क्षेत्राधिकारी विवेक कुटियाल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फिलहाल पुलिस महिला के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता चल सके।
