Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में खत्म होगा बर्फबारी का सूखा: 22 जनवरी से भारी हिमपात और बारिश का ‘स्पेशल अलर्ट’ जारी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड मौसम, बर्फबारी अलर्ट, देहरादून मौसम विभाग, पश्चिमी विक्षोभ, भारी बारिश, चारधाम मौसम, उत्तराखंड विंटर अपडेट।

देहरादून: उत्तराखंड में लंबे समय से चल रहा बारिश और बर्फबारी का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश भर के लिए 22 से 24 जनवरी तक मौसम का स्पेशल अलर्ट जारी किया है। एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमी के कारण राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जनवरी को मौसम का मिजाज सबसे अधिक उग्र रहेगा।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर द्वारा जारी विशेष विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में ‘येलो’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट प्रभावी रहेगा। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी हिमपात हो सकता है। वहीं, 2300 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की उम्मीद है, जिससे ठिठुरन काफी बढ़ जाएगी।
पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी जिलों जैसे हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 23 और 24 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आएगी, जिससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
प्रशासन ने भारी बर्फबारी के मद्देनजर पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। बर्फबारी के कारण सड़कें बंद होने, बिजली की लाइनें टूटने और पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का खतरा है। लोगों को पर्याप्त पावर बैकअप और जरूरी दवाइयां रखने की सलाह दी गई है। यात्रा कर रहे पर्यटकों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें।

Select Language

Advertisement