Report by : Paras Bisht
Published at :
कभी अंडर वियर तो कभी लड़कियों का गारमेंट पहनकर दूसरों के घरों में चटकाता था ताले, पकड़ा गया शातिर चोर

चोर ने सीसीटीवी से बचने के लिए निकाला था नायाब तरीका, आखिर दबोचा गया
हल्द्वानी मुखानी पुलिस ने शातिर चोर गिरफ्तार किया है। पहचान छिपाने में माहिर ये चोर कभी अंडर वियर में तो कभी लड़की के कपड़े पहनकर लोगों के घरों के ताले तोड़ता था। पुलिस ने इसके पास से लाखों रुपये का माल बरामद किया है। 
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि मुखानी थाना क्षेत्र की नूतन कालोनी हिम्मतपुर तल्ला निवासी कुंवर सिंह चौहान के घर बीती 28 जून और भगवानपुर रोड लोहरियासाल तल्ला निवासी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुत्र किशन सिंह के घर 16 सितंबर को चोरी हुई। इन दोनों चोरियों को राजविहार कालोनी फेज टू मुखानी निवासी 23 वर्षीय राज कुमार राठौर पुत्र राम अवतार ने अंजाम दिया। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले, मुखबिर लगाए, लेकिन शातिर की पहचान तक नहीं हो सकी। सीसीटीवी में पुलिस को कभी हाथ नजर आया तो कभी पैर में पहना जूता।
जिसके बाद पुलिस ने शातिरों को उठाकर पूछताछ शुरू की और राज कुमार का चेहरा साफ हो गया। बीती 7 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी को रौले की पुलिया आरके टेंट रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास करीब साढ़े 4 लाख रुपये के जेवर बरामद किए हैं। 
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर मास्क लगाता था। कभी वह केवल अंडर गार्मेंट में घटनाओं को अंजाम देता था तो कभी सलवार सूट पहन कर। आरोपी घटना स्थल तक आने-जाने के लिए सड़क का इस्तेमाल नहीं करता था। वह नहरों, नालों और खेतों से आता-जाता था, ताकि सीसीटीवी की नजर में न आए। अपनी पहचान को पूरी तरह छिपाए रखने के लिए शातिर अकेले ही रेकी करता था और फिर अकेले ही घटनाओं को अंजाम देता था। 
पुलिस को इस शातिर चोर की पिछले डेढ़ साल से तलाश थी। इसके लिए पुलिस की तीन टीमें लगीं। पहली टीम में मुखानी थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा, आम्रपाली चौकी प्रभारी अनिल कुमार, आरटीओ रोड चौकी प्रभारी प्रीती, एसआई गुरविंदर कौर, कां. रविन्द्र खाती, महबूब अली, चन्दन सिंह, उमेश राणा, मनीष उप्रेती, सुनील आगरी और एसओजी टीम में प्रभारी राजवीर सिंह नेगी, हे.कां. त्रिलोक सिंह, कां. भानु प्रताप व तीसरी टीम में एसआई रविन्द्र राणा, हे.कां. इसरार नवी थे। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›