Connect with us

देहरादून

हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना होगी तेज, सीएम धामी ने दिए निर्देश

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की कार्रवाई जल्द पूरी करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सीएम आवास में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की, जिसमें खेल सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता बनाने की बात कही।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान तैयार किए गए खेल ढांचे का नियमित रख-रखाव किया जाए और उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो। उन्होंने निर्देश दिए कि इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग तभी संभव है जब राज्यभर में नियमित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं का कैलेंडर तैयार कर व्यवस्थित रूप से आयोजन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग को अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को हर संभव सहयोग प्रदान करना चाहिए। इसके अलावा 39वें राष्ट्रीय खेलों को देखते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अत्याधुनिक संसाधन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगोली, निदेशक आशीष चौहान समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम धामी ने कहा कि खेल क्षेत्र के विकास के लिए निजी क्षेत्र और कॉरपोरेट जगत की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि खेल आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के प्रयास किए जाएं, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement