Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में जाम में फंसे एसएसपी, ड्यूटी से गायब ट्रैफिक कांस्टेबल निलंबित

अकेले ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहीं महिला होमगार्ड को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
हल्द्वानी।
हल्द्वानी में निरीक्षण के दौरान सिंधी चौराहे के पास जाम में फंसने पर एसएसपी ने ड्यूटी से गायब ट्रैफिक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। मौके पर अकेले ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहीं महिला होमगार्ड को उन्होंने प्रशस्ति पत्र दिया।
एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि वह शनिवार सुबह शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान सिंधी चौराहे पर जाम लगा था। जाम में एसएसपी फंस गए। वह जाम के बीच अपने वाहन से उतरे और ट्रैफिक सामान्य करने लगे। इस दौरान देखा तो वहां जिस सिपाही की ड्यूटी लगी थी वह मौके से नदारद था। इस पर एसएसपी ने कोतवाल और मंडी चौकी इंचार्ज को मौके पर बुलाया और एक घंटे सिंधी चौराहे पर ड्यूटी देने के निर्देश दिए। एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि महिला होमगार्ड चंपा पनेरू अकेले सिंधी चौराहे से ट्रैफिक को सामान्य करने में लगी हुई है। इस पर एसएसपी ने होमगार्ड चंपा को दफ्तर पहुंचकर प्रशस्ति पत्र दिया है। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि ड्यूटी से नदारद ट्रैफिक कांस्टेबल ताज मोहम्मद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›