Report by : CWN Desk
Published at :
एसएसपी ने गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट में ठोस विवेचनात्मक कार्यवाही और संपति जब्तीकरण के दिए टिप्स

हरिद्वार पुलिस की दक्षता बढ़ाने को आयोजित की गई कार्यशाला

हरिद्वार- जिले की पुलिस की दक्षता बढ़ाने को लेकर शनिवार को आयोजित कार्यशाला में एसएसपी अजय सिंह ने गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट में ठोस विवेचनात्मक कार्यवाही और संपति जब्तीकरण के टिप्स जिले के थाने और चौकियों में तैनात पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। पुलिस कार्यालय हरिद्वार स्थित सभागार में एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार बेलवाल की ओर से कार्यशाला में उत्तर प्रदेश गिरोह बंद अधिनियम के अंतर्गत संपत्ति कुर्क किए जाने के संबंध में विस्तृत व्याख्यान देने के साथ-साथ इस प्रकार की विवेचना में भूलवश हो जाने वाली छोटी-छोटी गलतियों के बारे में भी सभी का ध्यान आकृष्ट किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत की जाने वाली कार्रवाई में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विशेष चर्चा हुई। पूर्व के कई फेमस केस का जिक्र करते हुए कानून में आजकल हो रहे बदलाव के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित अधिकारियों ने कार्यशाला को पुलिस के लिहाज से बेहद उपयोगी बताया है। कार्यशाला में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और प्रत्येक थाने से एक-एक उपनिरीक्षक ने प्रतिभाग किया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›