Report by : Paras Bisht
Published at :
रानीबाग एचएमटी फैक्ट्री के परिसर में दिल्ली एम्स की शाखा खोलने की कवायद शुरू

केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की
हल्द्वानी। रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री के परिसर में दिल्ली एम्स की शाखा खोलने की कवायद शुरू हुई है। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री को इस संबंध में एक पत्र भी सौंपा है। यह योजना सफल होती है तो हल्द्वानी के साथ पूरे कुमाऊं के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
देहरादून में शनिवार को सीएम से उनके आवास पर मुलाकात के दौरान अजय भट्ट ने कहा, एचएमटी की भूमि पर दिल्ली एम्स की शाखा खुलने से पर्वतीय जनपदों के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अभी पर्वतीय क्षेत्र के गंभीर रोगियों को दिल्ली या ऋषिकेश एम्स में जाना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह मुश्किल होता है। सीएम धामी ने मामले में कार्रवाई की बात कही है।
वहीं भट्ट ने बताया, इस संबंध में उनकी एम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) श्रीनिवास से वार्ता हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हल्द्वानी में एचएमटी की भूमि उपलब्ध कराने पर वहां दिल्ली एम्स की शाखा स्थापित की जा सकती है। इस विषय पर उन्होंने एम्स निदेशक की सीएम धामी से भी वार्ता कराई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›