Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी: नभूलपुरा रेलवे भूमि पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आज, 21 लोग गिरफ्तार, फ्लैग मार्च!

हल्द्वानी बनभूलपुरा में रेलवे अतिक्रमण मामले पर सुप्रीम कोर्ट आज (मंगलवार) फैसला सुना सकता है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को छावनी बनाया गया। हिंसा में शामिल 21 लोग गिरफ्तार और 121 को नोटिस।

हल्द्वानी। वनभूलपुरा में रेलवे की भूमि पर हुए अतिक्रमण मामले में आज (मंगलवार) सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ सकता है। इस फैसले की गंभीरता को देखते हुए पूरे वनभूलपुरा क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही, संभावित अशांति को रोकने के लिए पूर्व में हिंसा में शामिल 21 लोगों को एहतियाती तौर पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की तैनाती और फ्लैग मार्च
सोमवार को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस, पीएसी, आईआरबी, आरपीएफ, और जीआरपी के जवानों को ब्रीफिंग दी। इसके बाद, अत्याधुनिक असलहों, हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर से लैस होकर जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च रेलवे स्टेशन, गफूर बस्ती, लाइन नंबर-17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, बिलाली मस्जिद जैसे संवेदनशील क्षेत्रों से होते हुए थाना वनभूलपुरा तक निकाला गया।
एहतियाती कार्रवाई और कानूनी नोटिस
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार, शांति व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा बनने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में वनभूलपुरा हिंसा में शामिल 21 लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, 121 लोगों को शांति भंग की आशंका में 126/135 बीएनएनएस (BNS) के तहत नोटिस भी तामील कराए गए हैं। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कोई अप्रिय घटना न हो।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›