Report by : CWN Desk
Published at :
भीमताल के निजी विश्वविद्यालय हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, खुदकुशी की आशंका

भवाली। नैनीताल जिले के भीमताल स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रावास में बुधवार को 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

छात्रा की पहचान वाश्वी तोमर पुत्री रामकृष्ण सिंह तोमर निवासी वेदनाथपुरम, लखनऊ के रूप में हुई है। वह विश्वविद्यालय में बीसीए की पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल के एक कमरे में दो अन्य छात्राओं के साथ रह रही थी। बुधवार को दोपहर के समय वह कमरे में अकेली थी।

शाम करीब 4:30 बजे उसकी रूममेट्स जब लौटीं तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत कॉलेज की फैकल्टी को सूचित किया। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो वाश्वी फंदे से लटकी मिली।

सूचना पर भवाली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को फंदे से उतारकर नजदीकी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल उमेश मलिक ने बताया कि छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›