Report by : CWN Desk
Published at :
तहसील दिवस पर जिलाधिकारी ने जन दरबार लगा समस्याओं का समाधान किया

कनालीछीना(पिथौरागढ़)- जिलाधिकारी रीना जोशी द्वारा तहसील दिवस पर जन दरबार लगा लोगो की मूलभूत समस्याओं का समाधान किया गया।
जनसमस्याओं व शिकायतों की सुनवाई हेतु तहसील दिवस का आयोजन कनालीछीना स्थित विकासखण्ड में जन दरवार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 15 शिकायतें पंजीकृत डुई, जिनके तत्काल निस्तारण के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिये गये।

तहसील दिवस पर जिलाधिकारी ने जन दरबार लगा समस्याओं का समाधान किया

इस अवसर पर दर्ज शिकायतें आर्थिक सहायता चाहने, सड़क निर्माण व चौड़ीकरण, आधार कार्ड बनाये जाने, स्वरोजगार योजना के अंतर्गत लोन दिलाये जाने, पेयजल आदि से संबंधित थी।
सड़क संबंधी समस्या के अंतर्गत ग्राम लमड़ा के शिकायतकर्ता हरीश उपाध्याय द्वारा कसपटिया-दौला मोटर मार्ग का निर्माण कार्य भूमि संबंधी प्रकरण के कारण रुका होना बताया गया तथा सड़क के रुके हुए काम को शुरु करवाये जाने की मांग जिलाधिकारी से की गई ताकि सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को मौके पर जाकर भूमि संबंधी प्रकरण को सुलझाते हुए सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। वही ग्राम चमडुंगरी के फरियादी राजेंद्र सिंह द्वारा पीपली मोटर मार्ग से चमडुंगरी को जाने वाले मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग जिलाधिकारी से की गई। जिस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये।
लोन संबंधी शिकायत के अंतर्गत ग्राम सतगढ़ के शिकायतकर्ता केशवदास द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा मुर्गी पालन व्यवसाय शुरू करने के लिए पशुपालन विभाग के अंतर्गत लोन हेतु आवेदन किया गया है किंतु बैंक स्तर पर प्रकरण लंबित होने के कारण लोन नहीं मिला है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से शीघ्र ही लोन दिलाये जाने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी ने उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को लीड बैंक अधिकारी से संपर्क स्थापित कर लोन संबंधी प्रकरण का समाधान करने के निर्देश दिये।
पेयजल समस्या के अंतर्गत ग्राम लीमा टोडा के शिकायतकर्ता कुंदन राम द्वारा नलों में पर्याप्त पेयजल प्राप्त न होने की शिकायत की गई। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये।
आधार कार्ड संबंधी शिकायतों के अंतर्गत ग्राम गुडोली की ज्योति कोहली द्वारा व ग्राम दूनाकोट की बवीता देवी द्वारा आधार कार्ड नहीं बनने की शिकायत की गई। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी को शिकायतकर्ताओं के आधार कार्ड बनवाये जाने के निर्देश दिये।।
आर्थिक सहायता चाहने संबंधी मांग ग्राम सतगड़ की फरियादी सरस्वती देवी व कमला, ग्राम लीमाटौडा के कुंदन राम,ग्राम कोटली की दीपा देवी आदि के द्वारा की गई।
इस अवसर पर ग्राम उमरी की फरियादी भागीरथी देवी द्वारा ग्राम के सड़क मार्ग में वाहनों का संचालन न होने के कारण विद्यालयी बच्चों को विद्यालय में पहुंचने में कठिनाई होने की बात कहते हुए वाहन संचालन की मांग की गई। जिस पर जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि यदि गांव में विद्यालय जाने वाले बच्चों की संख्या अधिक हो तो वहां पर वाहन संचालन की व्यवस्था की जाय।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, पीडी डीआरडीए आशीष पुनेठा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›