Report by : CWN Desk
Published at :
बागेश्वर धाम आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार अब परेड ग्राउंड में लगेगा

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम और भीड़ प्रबंधन के लिहाज से बदली जगह

देहरादून। बागेश्वर धाम सरकार यानी आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार अब परेड ग्राउंड में लगेगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम और भीड़ प्रबंधन के लिहाज से इस कार्यक्रम की जगह बदल दी है।
आयोजक विक्रुति यादव के अनुसार, पहले रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के फुटबॉल मैदान में यह आयोजन होना था। लेकिन, वहां कम जगह के साथ भीड़ ज्यादा होने की आशंका और सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने जगह बदलवा दी। अब परेड ग्राउंड में चार नवंबर को बाबा के दरबार की तैयारियां की जा रही हैं। यहां पहले से मंच तैयार है और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए वो काफी सुरक्षित भी है। सूत्रों ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री को वीआईपी सुरक्षा के कारण भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके पीछे स्पोर्ट्स कॉलेज में चल रहे शिक्षा विभाग के राज्यस्तरीय खेलकूद को भी वजह माना जा रहा है। क्योंकि, इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के ढाई से तीन हजार बच्चे और शिक्षक शामिल हैं।
बागेश्वर धाम के दिव्य दरबार से पूर्व गुरुवार को सनातनी कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने बाबा बागेश्वर और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। श्री पशुपतिनाथ मंदिर भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से लॉर्ड वेंकटेश्वर बैंक्वेट हॉल से इसकी शुरुआत की गई, जो घंटाघर होते हुए पंचायती मंदिर, परेड ग्राउंड, कनक चौक पहुंची। यहां देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ रहे जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वापस लॉर्ड वेंकटेश्वर लौटी। इस दौरान सीएम पुष्कर धामी की पत्नी गीता धामी, मेयर सुनील उनियाल गामा, टपकेश्वर महादेव मंदिर के श्री 108 कृष्णा गिरि महाराज और आचार्य बिपिन जोशी आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›