Report by : CWN Desk
Published at :
अस्पताल से वायरल हुई फोटो ने मचाया हड़कंप: मुठभेड़ में घायल बदमाश गगन रतनपुरिया की तस्वीर पर एसएसपी ने एएसआई को किया निलंबित

रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव के दौरान दहशत फैलाने वाले कुख्यात बदमाश गगन रतनपुरिया की अस्पताल से वायरल हुई तस्वीर ने ऊधमसिंहनगर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो में गगन रतनपुरिया अस्पताल के बिस्तर पर भर्ती नजर आ रहा है और मूंछों पर ताव देते हुए कैमरे की ओर देख रहा है। यह तस्वीर पुलिस निगरानी में रहते हुए ली गई बताई जा रही है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती गई थी। इसी आधार पर एसएसपी ने ड्यूटी में शिथिलता बरतने के आरोप में तैनात एएसआई पंकज उप्रेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
गौरतलब है कि 24 सितंबर को छात्रसंघ नामांकन के दौरान कॉलेज गेट पर दो छात्र गुटों में झड़प और फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने इस मामले में 15 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। 26 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि 27 सितंबर को मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा था। मुठभेड़ के दौरान गगन के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे पुलिस की साख पर सवाल उठे। फोटो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
वहीं, पुलिस ने अब फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। बीते दिन फरार आरोपी के घर कुर्की नोटिस चस्पा कर उसे जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›