Report by : CWN Desk
Published at :
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से श्रमिक की मौत, चालक हिरासत में

रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि वाहन चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान पिथौरागढ़ जिले के संगोड़ गांव निवासी 36 वर्षीय नंदन पाठक पुत्र शिवदत्त के रूप में हुई है, जो वर्तमान में छतरपुर में किराए पर रहकर नौकरी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नंदन पाठक रोज की तरह अपने घर से कंपनी के लिए निकला था। जब वह सिडकुल स्थित नीलमेंटल कंपनी के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार कैंटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव को लेकर अपने पैतृक गांव पिथौरागढ़ रवाना हो गए।
पुलिस ने बताया कि फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›