Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में हनुमान जन्मोत्सव में उमड़ा श्रद्धलुओं का सैलाब

माँ नयना देवी मंदिर परिसर में श्री हनुमान जी को चढ़ा 68 किलो से अधिक भार
(कमल जगाती)
नैनीताल।
नैनीताल में हनुमान जन्मोत्सव के भंडारे में अभूतपूर्व जन सैलाब उमड़ पड़ा। मल्लीताल के चाट पार्क में हुए भंडारे में पर्यटक समेत 6000 से अधिक स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पुलिस और गोपनीय तंत्र की भी आयोजन पर नजदीक से नज़र रही।
नैनीताल में माँ नयना देवी मंदिर स्थित हनुमान मूर्ति के सामने हनुमान चालीसा पढ़ने वाले हनुमान भक्तों और जय श्री राम सेवा दल के सदस्यों ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। कार्यक्रम में सवेरे 11 बजे जय ‘श्री राम सेवा दल’ की तरफ से कैपिटल स्थित भगवा ध्वज पर एक आयोजन किया गया। इसमें 68 किलो से अधिक भार का एक मोदक (लड्डू) माँ नयना देवी मंदिर परिसर में श्री हनुमान जी को चढ़ाया गया। इसके अलावा मंदिर में भगवा ध्वज की भी परिक्रमा कराई गई। इसके बाद जुलूस वापस नारे लगाते हुए भगवा ध्वज तले पहुंचा। यहां विधायक सरिता आर्या ने पुराने भगवा ध्वज को बदलकर नया ध्वज स्थापित किया। यहां भक्तों को मोदक के प्रसाद का वितरण भी किया गया। ‘जय श्री राम सेवा दल’ के सदस्यों ने भगवा ध्वज के आसपास भगवा रंग के गुब्बारों से सजावट की। इसके ठीक बाद एक बजे से चाट पार्क में भंडारा शुरू कर दिया गया। यहां भंडारे में आलू की सब्जी, पूरी, चना, चटनी और हलुवा बांटा गया। इस मौके पर पर्यटक भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ प्रसाद लेने पहुंचे। यहाँ विधायक ने पहले भक्तों को प्लेट बांटी और फिर खुद भंडारा खाने बैठी। दिनों संगठन के सैकड़ों सेवादारों ने जमकर सेवा दी। इस पूरे अनुष्ठान में गोपनीय तंत्र और पुलिस की विशेष नजर रही।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›