Report by : Paras Bisht
Published at :
कॉर्बेट पार्क के ढिकाला जोन में श्रमिक को बाघ ने मार डाला

15 दिनों के भीतर बाघों के हमलों की दूसरी घटना, इलाके में दहशत
रामनगर। दिवाली के दिन कॉर्बेट पार्क के ढिकाला जोन में झाड़ियां साफ कर रहे नेपाली मूल के एक श्रमिक को बाघ ने हमलाकर मार डाला। बीते 15 दिनों के भीतर बाघों के हमलों से कालागढ़ वन रेंज में वीट वाचर और तराई पश्चिम में महिला की मौत के बाद अब ढिकाला में मजदूर की मौत से इलाके में दहशत है।
15 नवंबर से कॉर्बेट पार्क के ढिकाला जोन रात्रि विश्राम के लिए खोला जाना है। पार्क प्रशासन इसकी तैयारियां में जुटा है। सफारी वाले रास्तों पर झाड़ियों का कटान चल रहा है। पार्क डायरेक्टर डॉ. धीरज पांडे ने बताया कि नेपाल से आठ से दस श्रमिक आए थे। ठेकेदार श्रमिकों से ढिकाला में झाड़ियां कटवा रहा है। बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे कुछ श्रमिक झाड़ियां काटने का काम कर रहे थे। इसी समय शिवा गुरुम (22) पुत्र तीरथ गुरुम, निवासी ग्राम धपवा पोस्ट मन्नापुरम पिल्ला बाके (नेपाल) पर बाघ ने पीछे से हमला बोल दिया।
साथियों ने बाघ का हमला देखकर शोर किया, लेकिन बाघ शिवा को जबड़े में पकड़े रहा। शिवा को बचाने के लिए पार्क कर्मियों ने दो से तीन राउंड फायर किए, तब बाघ शिवा को छोड़कर भागा। उन्होंने बताया कि शिवा को पार्क कर्मी रामनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। डायरेक्टर ने बताया नियमानुसार परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›