हल्द्वानी
हल्द्वानी: नशा मुक्ति केंद्र में 17 वर्षीय किशोर की बेरहमी से पिटाई, मौत से मचा कोहराम
हल्द्वानी के नशा मुक्ति केंद्र में किशोर की मौत। परिजनों ने संचालकों पर मारपीट और सिर पर धारदार हथियार से हमले का लगाया आरोप। पुलिस ने केंद्र को किया सील।
हल्द्वानी। एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नशे की लत छुड़ाने के लिए भेजे गए एक 17 वर्षीय किशोर की नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र के संचालक और कर्मचारियों पर किशोर की बेरहमी से पिटाई करने और सिर पर धारदार हथियार से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र को सील कर दिया है।
मृतक की पहचान मल्ली बमोरी निवासी शुभम सिंह अधिकारी (17) के रूप में हुई है। शुभम अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार, शुभम को नशे की लत से बचाने के लिए उम्मीद के साथ केंद्र में भर्ती कराया गया था। 21 तारीख तक वह बिल्कुल स्वस्थ था, लेकिन अचानक दो दिन बाद संचालकों ने उसके बीमार होने की सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि 24 तारीख की रात को केंद्र के कर्मचारी शुभम को मरणासन्न हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल लाए और उसे इमरजेंसी में अकेला छोड़कर फरार हो गए। जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तो पता चला कि शुभम का ‘ब्रेन डेड’ हो चुका है। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे और शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर इंफेक्शन पाया गया।
मृतक के मामा और परिजनों ने बताया कि केंद्र संचालकों से जब जवाब मांगा गया, तो उन्होंने बदसलूकी की और धमकी दी। शुभम की मां मेहनत-मजदूरी कर घर चलाती थी और उसे उम्मीद थी कि केंद्र से उसका बेटा सुधरकर लौटेगा, लेकिन उसे वहां से बेटे की लाश मिली। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।
हल्द्वानी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) अमित सैनी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर केंद्र संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नशा मुक्ति केंद्र को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
