Report by : CWN Desk
Published at :
गोपेश्वर में शराब पीकर हंगामा करने पर दो पुलिसकर्मी समेत तीन गिरफ्तार, एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

गोपेश्वर। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा करने और वाहनों को रोककर राहगीरों से गाली-गलौज करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार रात तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्हें एसपी सर्वेश पंवार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

चमोली एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात थाना गोपेश्वर को सूचना मिली कि मीट मार्केट के पास कुछ लोग नशे में धुत होकर सड़क पर वाहनों को रोक रहे हैं और राहगीरों के साथ अभद्रता कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच में तीनों के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल तीनों को मजिस्ट्रेट चमोली के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पुलिस लाइन गोपेश्वर के आरक्षी प्रवेश और दिनेश शामिल हैं, जिन्हें एसपी सर्वेश पंवार ने अनुशासनहीनता के चलते निलंबित कर दिया है। तीसरा आरोपी मोहित ब्रह्मासैण, गोपेश्वर का निवासी है।

एसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि पुलिस एक अनुशासित बल है और इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना व अनुशासनहीन कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि कोई पुलिसकर्मी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस प्रकार की घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›